एम डी न्यूज़ बरेली
बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में रविवार को सुबह घने कोहरे के कारण हाईवे पर कोहराम मच गया। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर कोहरे के कारण रोडवेज बस और कार समेत 20 वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में करीब 24 लोग घायल हुए हैं। रोडवेज बस चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने पर यातायात सुचारू हो सका। वहाँ उपस्थित लोंगो ने बताया कि सोहराब गेट डिपो की रोडवेज बस गोरखपुर से मेरठ जा रही थी। यह बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आए कई वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। कुछ वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे उतर गए। हादसे में रोडवेज बस चालक मुजफ्फरनगर के ग्राम बहादुरपुर हुसैनपुर निवासी अतर सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। बस चालक को पुलिस ने निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में तीन रोडवेज बसें, ट्रक, डीसीएम और कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। एक डीसीएम अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पेड़ों में जा घुसी। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों तरफ जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। फरीदपुर थाने के इंस्पेक्टर ने बताया कि हादसे में सोहराब गेट डिपो की रोडवेज बस के चालक की मौत हुई है। जो लोग मामूली चोटिल थे, वे अपने गंतव्य के लिए चले गए। कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद हाईवे पर करीब आधा घंटा तक जाम लगा रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त सभी वाहनों को हाईवे से हटवाया। उसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।
रिपोर्टर गौरव कुमार एम डी न्यूज़ बरेली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *