अयोध्या जनपद के रुदौली के पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्य मंत्री अब्बास अली जैदी (रुश्दी मियां) ने बहापुर गांव पहुंचकर हाल ही में दिवंगत मुनीर अहमद के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता प्रदान की और भविष्य में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बताया गया कि मुनीर अहमद बहापुर गांव के निवासी थे और मुंबई में सिलाई का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। एक पैर से दिव्यांग होने के बावजूद वह मेहनत और संघर्ष के बल पर परिवार की जिम्मेदारी निभा रहे थे। मुंबई में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गांव लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि उनके पीछे चार बेटियां हैं।
पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी ने कहा कि मुनीर अहमद एक संघर्षशील और मेहनती व्यक्ति थे। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्काल सहायता दी और आश्वासन दिया कि आगे भी हर जरूरत में साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वह जीवित रहे तो मुनीर अहमद की बेटियों की शादी में वह बड़ा सहयोग करेंगे।
जैदी ने अपने करीबी सहयोगी एवं बहापुर गांव निवासी विनोद तिवारी से कहा कि परिवार को किसी भी प्रकार की आवश्यकता हो तो उन्हें तुरंत जानकारी दी जाए, ताकि समय पर मदद पहुंचाई जा सके।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अलाउदीन खां, रमापर के पूर्व प्रधान देवता यादव एवं लाइनमैन सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *