एम डी न्यूज़ बरेली में भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ अभियान के तहत ‘वतन को जानो’ कार्यक्रम का शुभारंभ 6 फरवरी से रुहेलखंड विश्वविद्यालय में होने जा रहा है। गृह मंत्रालय और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कश्मीर घाटी के 6 जिलों अनंतनाग, पुलवामा, कुपवाड़ा, बारामुला, बडगाम और श्रीनगर से 132 प्रतिभागी बरेली पहुंचेंगे। 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के ये युवा छह दिनों तक बरेली में रहकर भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता के विभिन्न पहलुओं से रूबरू होंगे। जिला युवा अधिकारी कार्यालय की ओर से कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम की सुबह की शुरुआत योग, स्वच्छता और श्रमदान से होगी, और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आरंभ होगा। 7 फरवरी को हस्तशिल्प, ई-कॉमर्स, और ‘विकसित भारत @2047’ जैसे गंभीर विषयों पर डॉ. बीनू सिंह, डॉ. पंकज शर्मा और डॉ. छवि शर्मा जैसे विशेषज्ञ सत्र लेंगे। 9 फरवरी को शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा, जब कश्मीर घाटी के उत्पादों की प्रदर्शनी और लजीज कश्मीरी व्यंजनों का ‘फूड फेस्टिवल’ आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कश्मीर के युवाओं के मन से भ्रांतियों को दूर कर उन्हें राष्ट्रीय एकता, संविधान और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। कमिश्नर के मार्गदर्शन में प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि इन युवाओं को देश की औद्योगिक और ऐतिहासिक प्रगति का वास्तविक अनुभव मिल सके। नवनीत कुमार शुक्ला और डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल जैसे वक्ता स्टार्टअप इंडिया, ई-कॉमर्स और करियर मार्गदर्शन पर प्रतिभागियों को टिप्स देंगे। 11 फरवरी को समापन समारोह के साथ यह दल अपनी यादें साझा करेगा। इस आयोजन के लिए साउथ सिटी स्थित कार्यालय को मुख्य केंद्र बनाया गया है। रुहेलखंड यूनिवर्सिटी में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की जानकारी दी गई। माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की उप निदेशक पुष्पा सिंह ने बताया कि शुक्रवार 6 फरवरी को कश्मीरी बरेली आयेगे, और कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिखर रस्तोगी, जिला युवा अधिकारी, माय भारत, प्रो. राकेश कुमार मौर्य, डॉ. सुमित श्रीवास्तव, डॉ. ज्योति पाण्डेय, सांस्कृतिक कार्यक्रम समन्वयक, डॉ. छवि शर्मा, ई. सी. डिपार्मेंट, अजय राज शर्मा, मुख्य प्रशिक्षक और भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे।

रिपोर्टर गौरव कुमार एम डी न्यूज़ बरेली।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *