MD News | बहुआयामी समाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले), बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर
बुढ़ाना।
थाना बुढ़ाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए ऑनलाइन (आईलाइन) धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो वांछित एवं शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन, फर्जी पहचान पत्र, बैंक कार्ड तथा नकदी बरामद की है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के आदेशानुसार जनपद में वांछित एवं वारंटी अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बुढ़ाना के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह सफलता प्राप्त की।
पुलिस के अनुसार थाना बुढ़ाना पर पंजीकृत मु0अ0सं0 49/2026, धारा 318(4)/338/336(3)/340(2) बीएनएस एवं 66 डी आईटी एक्ट में नामित अभियुक्त सोनू उर्फ आशीष गुप्ता उर्फ विशाल नेहरा उर्फ विनय पाण्डेय तथा सागर प्रताप सैनी, दोनों निवासी गोविन्दपुरम गाजियाबाद, को मुखबिर की सूचना पर दिनांक 06 फरवरी 2026 को भसाना शुगर मिल के पास से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 04 मोबाइल फोन, 03 आधार कार्ड, 01 पैन कार्ड, 01 डेबिट कार्ड, 02 क्रेडिट कार्ड तथा ₹10,730 नकद बरामद किए गए हैं। आरोप है कि अभियुक्तों ने लोन दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर ऑनलाइन माध्यम से करीब ₹3.98 लाख की ठगी की थी।
पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय भेज दिया है। थाना बुढ़ाना पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगों में हड़कंप मचा हुआ है।

