एम डी न्यूज़ मुन्ताज अली सेवापुरी ब्लॉक प्रभारी की रिपोर्ट

सेवापुरी।प्राथमिक विद्यालय सातों में शनिवार को वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दिनेश पटेल मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा भाजपा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, लोकनृत्य, कविता पाठ एवं लघु नाटक को दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रधानाध्यापक ने विद्यालय की वार्षिक आख्या प्रस्तुत करते हुए शैक्षिक उपलब्धियों, नामांकन वृद्धि तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि प्राथमिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की नींव होती है और ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं रचनात्मकता का विकास होता है।
कार्यक्रम के अंत में शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षकगण, अभिभावक एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *