एम डी न्यूज़ वेद प्रकाश राजपूत ब्यूरो चीफ अयोध्या की रिपोर्ट महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर ग्राम मीरमऊ स्थित प्राचीन शिव मंदिर से इस वर्ष भी परंपरागत रूप से भव्य एवं ऐतिहासिक शिव बारात धूमधाम से निकाली जाएगी। विगत वर्षों की भांति इस बार भी आयोजन को और अधिक भव्य बनाने की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शिव बारात मंदिर परिसर से विधिवत पूजन-अर्चन के बाद प्रारंभ होकर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होती हुई भक्त नगर चौराहा पहुंचेगी। बारात में भगवान शिव के विविध अलौकिक स्वरूपों की मनमोहक झांकियां, आकर्षक सजावट, डीजे एवं पारंपरिक बैंड-बाजों के साथ शिवभक्तों की विशाल टोली शामिल होगी।
श्रद्धालु शिव-भजन, जयघोष और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर देंगे। सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन और स्वयंसेवकों द्वारा विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शिव बारात को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *