
एम डी न्यूज़ वेद प्रकाश राजपूत ब्यूरो चीफ अयोध्या की रिपोर्ट विकास खण्ड मवई क्षेत्र के अंतर्गत मवई चौराहा स्थित आरएस हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच लगातार जारी है। शनिवार को पहुंची विभागीय टीम अस्पताल परिसर में डटी है और व्यवस्थाओं व अभिलेखों की गहन पड़ताल शुरू कर दी है।
जांच के दौरान ऑपरेशन थियेटर,रिकवरी रूम, इमरजेंसी कक्ष और भर्ती वार्ड का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है। जीवनरक्षक उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता को परखा गया। साथ ही मृतका के उपचार से जुड़े दस्तावेज ऑपरेशन रजिस्टर, सहमति पत्र (कंसेंट फॉर्म), दवाओं का रिकॉर्ड और रेफरल से संबंधित कागजात खंगाले जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार अस्पताल के पंजीकरण प्रमाणपत्र, चिकित्सकों की डिग्री और वैध लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में हैं। टीम यह भी देख रही है कि ऑपरेशन के बाद मरीज की निगरानी किस स्तर पर की गई और तबीयत बिगड़ने की स्थिति में क्या कदम उठाए गए।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और सभी की निगाहें अब जांच की दिशा और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
