एम डी बहुआयामी समाचार संवाददाता प्रशांत जैन बिल्सी बदायूं
बिल्सी। फ्यूचर लीडर्स स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से ‘करियर डे’ का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर ईडीआईएक्स फाउंडेशन की ओर से एक मार्गदर्शन सत्र आयोजित हुआ, जिसमें कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों को उद्यमिता और सामाजिक उद्यमिता के महत्व को समझाया गया। ईडीआईएक्स फाउंडेशन के संस्थापक आशीष साहू एवं शैलेश साहू ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि नवीन सोच, रचनात्मकता और आत्मविश्वास के बल पर वे न केवल सफल उद्यमी बन सकते हैं, बल्कि समाज की समस्याओं का समाधान कर सकारात्मक बदलाव भी ला सकते हैं। सत्र के दौरान स्टार्टअप की अवधारणा, जोखिम प्रबंधन और नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डायरेक्टर वीपी सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में आत्मनिर्भरता और नवाचार की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं। प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने जोर दिया कि ‘करियर डे’ जैसे आयोजन छात्रों को सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। इस मौके पर एमडी राहुल कुमार सिंह, एकेडमिक हेड सीके शर्मा सहित समस्त शिक्षक और स्टाफ उपस्थित रहे।
