जिला ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट

एमडी न्यूज़ बहुआयामी समाचार न्यूज़ चैनल
Rampur: शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि इस बार का देश का बजट विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता को नई ऊंचाई प्रदान करने वाला है। बजट में किसानों से लेकर युवा उद्यमियों, महिलाओं, व्यापारियों और गरीबों के कल्याण के लिए कई प्रावधान किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ढांचागत सुविधाओं के विकास के साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं भी बेहतर हो रही हैं।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से नगर विधानसभा क्षेत्र में बजट चौपाल का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार देश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बजट में कृषि क्षेत्र के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा। युवाओं के लिए स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा देने हेतु ऋण सुविधाओं और कौशल विकास योजनाओं का विस्तार किया गया है।

इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और देश के युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी कई योजनाओं में आर्थिक सहायता और प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है, जिससे वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें। विधायक ने कहा कि बजट में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भी पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया गया है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा शिक्षा के क्षेत्र में नए संस्थानों और संसाधनों का विकास होगा। साथ ही, आधारभूत संरचना सड़क, रेल और डिजिटल नेटवर्क के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे व्यापार और उद्योग को गति मिलेगी। विधायक ने कहा कि यह बजट सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना को साकार करने वाला है और आने वाले वर्षों में भारत को वैश्विक स्तर पर और अधिक मजबूत बनाएगा।
