जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर। MD News | बहुआयामी समाचार चैनल

बुढ़ाना..
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर निरीक्षण भवन स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का भव्य नज़ारा देखने को मिला। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर के बाहर लगनी शुरू हो गईं। “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
इस विशेष पर्व पर बाबा महादेव का दिव्य एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूल-मालाओं और विशेष सजावट से सुसज्जित किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक आभा से भर गया। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, गंगाजल, दूध व प्रसाद अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर नजर आए।
महिलाओं द्वारा भव्य संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें शिव भजनों की मधुर प्रस्तुति से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। कई श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर जलाभिषेक किया और भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं क्षेत्र की उन्नति की कामना की।
मंदिर प्रबंधन समिति एवं स्थानीय स्वयंसेवकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए। सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बरती गई। देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा और महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

0 views

By MD News

Yes

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *