लखनऊ। देश के 125 से अधिक राजनीतिक दलों के सबसे बड़े गठबंधन ‘विकासात्मक इंडियन पार्टी महामोर्चा’ (VIP महामोर्चा) ने विभिन्न जनहितकारी मांगों को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। राजधानी में आयोजित गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय, भ्रष्टाचार, टोल टैक्स और महंगाई जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता महामोर्चा के संयोजक और जनता सहारा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार त्रिपाठी ने की।
आंगनवाड़ी और आउटसोर्सिंग कर्मियों के लिए सम्मानजनक वेतन की मांग
बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और रसोइयों के आर्थिक शोषण पर कड़ी निंदा की गई। महामोर्चा ने सरकार से मांग की है कि:
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 30,000 रुपये, सहायिकाओं को 25,000 रुपये और रसोइयों को 20,000 रुपये मासिक वेतन दिया जाए।
सभी विभागों के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को स्थायी किया जाए और ‘समान कार्य-समान वेतन’ के साथ पुरानी पेंशन बहाल की जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं को ‘लूट’ से मुक्त कराने की अपील
निजी अस्पतालों द्वारा मरीजों के “दिन-दहाड़े शोषण” पर चिंता व्यक्त करते हुए गठबंधन ने कहा कि सरकारी नीतियों के कारण ही निजी अस्पताल लूट के केंद्र बन गए हैं। महामोर्चा ने मांग की कि दवाओं और स्वास्थ्य उपकरणों से सभी टैक्स हटाए जाएं और दवा निर्माताओं को 30% अनुदान देकर कीमतें कम की जाएं। साथ ही, सरकारी डॉक्टरों की निजी प्रैक्टिस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग दोहराई गई।
टोल टैक्स को बताया ‘सरकारी राक्षस’
निजी वाहनों से वसूले जा रहे टोल टैक्स को गठबंधन ने जनता के लिए ‘अभिशाप’ करार दिया। वक्ताओं ने कहा कि जब जनता वाहन खरीदते समय टैक्स चुकाती है, तो सड़कों पर कदम-कदम पर टोल वसूली अन्यायपूर्ण है। इसे तत्काल बंद करने की मांग की गई है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘कंट्रोल रूम’ का सुझाव
भ्रष्टाचार को ‘राष्ट्रीय आपदा’ बताते हुए महामोर्चा ने मांग की कि जिला स्तर तक ‘भ्रष्टाचार कंट्रोल रूम’ बनाए जाएं। भ्रष्टाचार उजागर करने वाले नागरिकों को पुरस्कृत करने और ईमानदार अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने की वकालत की गई।
महंगाई पर प्रहार: ₹450 में मिले गैस सिलेंडर
गठबंधन ने कहा कि 80 करोड़ लोग जो सरकारी राशन पर निर्भर हैं, उनके लिए रसोई गैस की कीमतें असहनीय हैं।
मांग: राशन कार्ड धारकों को गैस सिलेंडर मुफ्त या ₹450 की रियायती दर पर मिले।
राशन: प्रति माह 5 किलो की जगह 10 किलो राशन दिया जाए।
प्रमुख नेताओं की उपस्थिति
बैठक को विनोद यादव (किसान सेना), बी.एन. चौटाला (राष्ट्रीय लोकतंत्र दल), राधेश्याम श्रीवास्तव (सत्य शिखर पार्टी), रणबीर सिंह तोमर (अहिंसावादी जनता पार्टी), नरेश चंद्र भंडारी (हिंद विकास पार्टी), लीलाधर आचार्य (राष्ट्रीय कार्यरत पार्टी), डॉ. के.एम. आमिश (बहुआयामी पार्टी) और राजन सिंह सूर्यवंशी (भारतीय अपना समाज पार्टी) समेत कई दिग्गज नेताओं ने संबोधित किया।
महामोर्चा ने स्पष्ट किया कि ये मांगें पूरी न होने पर देशभर में प्रभावी अभियान और जन-आंदोलन चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed