एमडी न्यूज प्रभारी गोंडा- अजीत यादव
गोंडा – गोण्डा जनपद में होली पर्व से पहले मिलावटखोरी पर लगाम लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सघन अभियान शुरू कर दिया है। गुरुवार को कर्नलगंज क्षेत्र में एसडीएम नेहा मिश्रा की अगुवाई में खाद्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस दौरान तीन दुकानों से दूध, पनीर और मिठाइयों के कुल आठ नमूने एकत्र किए गए। सभी सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। अधिकारियों को इन खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। रिपोर्ट फेल होने पर होगी सख्त कार्रवाई।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर तेज हुआ अभियान
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने जिलेभर में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश पर चारों तहसीलों में अलग-अलग टीमें गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है, ताकि त्योहार के मौके पर लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।

शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई
एसडीएम नेहा मिश्रा ने बताया कि कर्नलगंज क्षेत्र से लगातार मिलावट को लेकर शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह छापेमारी की गई। आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

