वेद प्रकाश राजपूत ब्यूरो चीफ अयोध्या एम डी न्यूज़ की रिपोर्ट
अयोध्या के रुदौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है, जहां डॉक्टरों की कथित लापरवाही और संदिग्ध रेफर के बाद एक नवजात शिशु की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार 28 फरवरी को विजय गौतम अपनी गर्भवती पत्नी सरोज कुमारी को प्रसव के लिए रुदौली CHC लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टर के उपलब्ध न होने और नॉर्मल डिलीवरी संभव न होने की बात कहकर उन्हें रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि 1 मार्च को आशा बहू मंजू मौर्य और कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से पीड़ित महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पहले ऑपरेशन का खर्च 22 हजार रुपये बताया गया, लेकिन बाद में 28 हजार रुपये का बिल थमा दिया गया। ऑपरेशन के दौरान नवजात शिशु की मौत हो गई।

घटना के बाद गांव निवासी जगदीश शर्मा ने मामले की जानकारी रुदौली CHC की अधीक्षक डॉ. फातिमा हसन रिजवी और CMO को दी। अधीक्षक द्वारा संबंधित निजी अस्पताल का निरीक्षण भी किया गया।

वहीं CMO अयोध्या ने कहा कि मामला पहले संज्ञान में नहीं था। अब जानकारी मिलने के बाद जांच कराई जाएगी और यदि मामला सही पाया गया तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *