महराजगंज।सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा आगामी 15 मार्च 2026 को जनपद महाराजगंज के सर्वोदय कॉलेज, धनेई में आयोजित होने वाली सामाजिक समरसता महारैली की तैयारियों को लेकर निरीक्षण भवन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद राजभर उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान महारैली की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर महारैली के संपूर्ण प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र सिंह द्वारा कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की गई तथा विभिन्न समितियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई।

बैठक के उपरांत आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. अरविंद राजभर ने बताया कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की यह महारैली सामाजिक समरसता, समानता और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सदैव वंचित, शोषित और पिछड़े समाज के अधिकारों तथा उनकी समस्याओं की आवाज को मजबूती से उठाती रही है।

डॉ. राजभर ने बताया कि इस ऐतिहासिक महारैली की शुरुआत लगभग 100 से अधिक ब्राह्मणों द्वारा शंखनाद के साथ की जाएगी, जो भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक होगा। यह आयोजन समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ने का संदेश देगा।
उन्होंने कहा कि माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री श्री ओमप्रकाश राजभर जी के नेतृत्व में पार्टी सामाजिक न्याय, सम्मान और समान भागीदारी के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है। उनकी विचारधारा से प्रेरित होकर बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
डॉ. राजभर ने कहा कि महारैली को लेकर जनमानस में जबरदस्त उत्साह और उत्सुकता देखने को मिल रही है। विभिन्न जनपदों से कार्यकर्ता और आम नागरिक भारी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। यह महारैली सामाजिक समरसता, भाईचारे और वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करने का कार्य करेगी।
अंत में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में 15 मार्च 2026 को सर्वोदय कॉलेज धनेई, जनपद महाराजगंज में पहुंचकर सामाजिक समरसता के इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं।
