बाराबंकी, 18 मार्च। जनपद बाराबंकी के समग्र विकास को नई गति प्रदान करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं से न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी नया विस्तार मिलेगा।
केंद्र सरकार द्वारा बाराबंकी से बहराइच के मध्य 4-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे निर्माण परियोजना को मंजूरी प्रदान की गई है। लगभग 6,969 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली यह परियोजना पूर्वांचल एवं तराई क्षेत्र के बीच आवागमन को तेज, सुरक्षित एवं सुगम बनाएगी। इससे व्यापार, निवेश एवं पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ जनपद बाराबंकी की रणनीतिक महत्ता भी बढ़ेगी।
इसके अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा जनपद में विभिन्न विकास खंडों के अंतर्गत 7 लघु सेतु (आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट सहित) निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनकी कुल लागत 2180.98 लाख रुपये है। इन कार्यों के अन्तर्गत 975.59 लाख की लागत से ब्लाक बनीकोडर में बाजपुर -पाराहाजी सम्पर्क मार्ग पर 3×18.75 मी० लघु सेतु का निर्माण, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग, सुरक्षात्मक कार्य एवं भूमि अध्याप्ति का कार्य, विकास खंड सूरतगंज में 487.13 लाख की लागत से जलालपुर से सरदार बगला वाया धनवालिया मार्ग पर लघु सेतु सहित पहुंच मार्ग का निर्माण,313 लाख की लागत से मरकामऊ चौकाघाट मार्ग के किमी 2 में स्थित क्षतिग्रत लघु सेतु स्थान पर आरसीसी बॉक्स कलवर्ट का निर्माण,169.81 लाख की लागत से विकास खण्ड बंकी में ज्योली शाहबपुर जहाँगीराबाद मार्ग से बाराबंकी देवा फतेहपुर मार्ग वाया कनौजिया मार्ग के किमी 04 में आर0सी0सी0 बॉक्स कल्वर्ट एवम पहुँच मार्ग का निर्माण,92.65 लाख की लागत से विकास खण्ड हरख के अंतर्गत सराय सिकंदरपुर संपर्क मार्ग के बरसाती नाला पर स्पान के आर0सी0सी0 बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण,107.44 लाख की लागत से विकास खण्ड सिद्धौर के अंतर्गत पूरब बेलाव मार्ग से मसारा मार्ग के मध्य नाले पर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण तथा 35.36 लाख की लागत से लक्ष्यबर बजहा करपिया नेवला मार्ग के किमी 01 पर क्षतिग्रस्त पुलिया के बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण शामिल है।
इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के मध्य संपर्क सुदृढ़ होगा, आवागमन की बाधाएं दूर होंगी तथा स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सहूलियत के साथ-साथ समय एवं लागत की बचत भी होगी। साथ ही कृषि, व्यापार एवं अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं से जनपद के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक योजना का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
ब्यूरो चीफ रामानंद सागर

