हमारे आदर्श हजरत मोहम्मद स. हैं, हमें अपने दीन और अपने आदर्श के बताए हुए रास्ते पर चलना है!
हुजूर से शादी हजरत बीबी खदीजा रजि. ने इसलिए नहीं किया था कि वह कोई सरकारी हाकिम है या बहुत बड़े व्यापारी या जमींदार या किसी सियासी ओहदे पर हैं, बल्कि इसलिए किया था कि उनके अख्लाक, आदत, किरदार, व्यवहार, ईमानदारी, सादगी और सच्चाई की कोई मिसाल नहीं!
मेरे नौजवान साथियों धन, दौलत, पद, प्रतिष्ठा हासिल करो मगर इसकी वजह से निकाह में विलंब ना करो और यह मिल जाने पर दहेज का लालच ना करो, तुम्हारा पद, दौलत तो लोगों को ही पसंद आएगी, लेकिन उसके साथ सादगी पसंद नेक इंसान बनो जो खुदा को पसंद आएगा!
हम अपने ऑल इंडिया गद्दी समाज फेडरेशन के सभी अविवाहित नौजवान साथियों से गुजारिश करते हैं कि संकल्प लो कि हम अपनी शादी में बिल्कुल दहेज नहीं लेंगे दोस्तों अगर तुम्हीं इस पर अमल नहीं करोगे तो बिरादरी इस पर अमल कैसे करेगी, हुजूर साहब हर बात पर पहले खुद प्रैक्टिकल करते थे तब समाज के लोग मानते थे लिहाजा आप लोग इस पर अमल करने की मेहरबानी करें, दोस्तों त्याग अल्लाह को बहुत पसंद है, दहेज का त्याग करो!
बिहार,
उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश आदि के संगठन से जुड़े हमारे नौजवान साथी भी इस पर अमल करें और संकल्प लें!
हुजूर ने अपनी बेटी की शादी में गृहस्ती की 9 चीजे दी थी और चंद खास लोगों को दावत दी थी,वो भी मेहर के पैस से!.. इस्लाम में बारात का भी कोई जिक्र नहीं है बारात को भी बाईकाट करें.. हम तो इसे लुटेरों का गैंग कहते हैं!
हम लोग हुजूर की सुन्नत पर अमल करें निकाह में अपने चंद खास रिश्तेदारों व दोस्तों को ही ले जाएं ताकि लड़की वाले पर खाना देने का दबाव खत्म हो जाए!
इस्लाम के मुताबिक निकाह में लड़की पक्ष का खर्च न के बराबर है वलीमा आदि लड़के वाले को करना चाहिए!
मेरे गद्दी समाज के लोगों हमें अपने दीन पर मजबूती से अमल करना चाहिए, सुन्नत व हदीस के मुताबिक ही शादी करना चाहिए!
संगठन से जुड़े सभी पदाधिकारी दहेज न लेने देने का संकल्प लें जिनके बेटों की शादी होनी है वह दहेज न लेकर मिसाल बनाएं!
आज हमारी बिरादरी में दहेज चरम सीमा पर है लड़के वाले बुलेट, बुलेरो आदि मांगने को अपना मान सम्मान समझने लगे हैं, इससे हमारे मध्यम और गरीब भाइयों को आर्थिक और मानसिक समस्या का सामना करना पड़ता है, लोग कर्ज में डूब जाते हैं, चिंता में बीमारियों के शिकार हो जाते हैं, अपने बच्चों की पढ़ाई लिखाई पर पैसा खर्च नहीं कर पाते हैं, समाज में खुद को कमतर समझने लगते हैं!
मेरे प्यारे गद्दी भाइयों सबको बराबरी पर लाने का प्रयास करो किसी को एहसास ए कमतरी का शिकार ना होने दो इससे हमारा समाज तरक्की करेगा!
मेरी बिरादरी के पढ़े-लिखे, संपन्न लोगों से गुजारिश है इस इस्लाही तहरीक में हमारा साथ दें! जो नौजवान नौकरी पा गए हैं संपन्न हैं या पढ़े लिखे हैं वह बिल्कुल दहेज ना लें! और जो लोग नौकरी में हैं या संपन्न हैं वह अपने बच्चों की शादी में बिल्कुल दहेज ना लें!
अपने गरीब बिरादर भाइयों की बेटियों से निकाह करने में गुरेज न करें पहले से आधुनिक (फैशन पसंद) लड़की की तलाश न करें, बल्कि सादगी पसंद लड़कियों को शादी में प्राथमिकता दें, और लड़की वाले भी अच्छे अखलाक के मालिक लड़के को शादी के लिए पसंद करें ताकि बिरादरी से स्वतः दिखावा आदि का चलन खत्म हो जाए!
और बिरादरियों की तरह इस समय हमारी बिरादरी में भी एक और चलन चल गया है, कि पहले लड़की वाले लड़का देखने जाते हैं फिर 6,7 लोग लड़के की तरफ से लड़की देखने जाते हैं, और फिर लड़का लड़की को एक दूसरे को दिखाया जाता है और यह क्रम कई बार चलता है यानी कई लड़की देखने के बाद ही शादी तय हो पाती है, मेरी समझ से यह चलन भी गलत है इसे खत्म करना चाहिए! मजे की बात यह चलन भी पढ़े-लिखे, संपन्न और तथाकथित दीनदारों ने ही शुरू कर दिया है, मेरे संगठन के नौजवान साथियों इसे भी खत्म करो, आगे न बढ़ने दो, लड़कियों की नुमाइश बंद कर दो, शादी के समय स्टेज पर रंग चुंग के दुल्हन की नुमाइश बंद कर दो,अगर मुसलमान हो तो इस्लाम पर अमल करो!
हम मौलवी, हाफिज और उलमा से गुजारिश करते हैं कि उस जोड़े का निकाह बिल्कुल न पढ़ाएं जहां दहेज का प्रदर्शन हो रहा हो यानी दहेज दिया जा रहा हो, कोई निकाह बिना मौलवी साहब के संपन्न नहीं होता फिर आज तक किसी मौलवी ने ऐसे निकाह पढ़ाने से इंकार क्यों नहीं किया? क्योंकि उन्हें भी पैसे का लालच है पैसे वाले लोग उन्हें मोटी फीस देते हैं!
हमने अपनी गद्दी बिरादरी में 90% ऐसे लोगों को देखा है जिनकी शादी पहले अपने समकक्ष परिवार में हो गई थी बाद में वह नौकरी पा गए या संपन्न हो गए तो पहले वाली बीवी को छोड़कर दूसरी शादी कर ली जो कि अति निंदनीय है, हां अगर पहली बीवी संतुष्ट है तो दूसरा निकाह करना गलत नहीं!क्या मौलवी साहब को दूसरा निकाह पढ़ाते वक्त इसकी जानकारी नहीं होती है? और अगर होती है तो वह इस पर प्रश्नचिन्ह क्यों नहीं लगाते और पहली बीवी को दीन के मुताबिक संतुष्ट क्यों नहीं करवाते?
मैं दूसरे निकाह का विरोधी नहीं, बीवियां भी अगर पति संतुष्ट नहीं है या करना चाहता है तो उसे दूसरा निकाह करने की इजाजत दें और संतुष्ट रहें, और पति अपनी सभी बीवियों को संतुष्ट रखें, यही दीन कहता है!
उलमा हजरत से हमारी गुजारिश है इस इस्लाही तहरीक में हमारा साथ दें दहेज और नुमाइश पसंद निकाहों को ना कहें!
मेरे सभी गद्दी भाइयों और ऑल इंडिया गद्दी समाज फेडरेशन के साथियों दहेज और दिखावा का पूर्णतया त्याग करो, इस इस्लाही तहरीक में हमारा साथ देने की मेहरबानी करें, दावतों में गरीबों को दावत देना बिल्कुल ना भूलें, खुद को सच्चा मुसलमान साबित करें!
अगर हमारे समाज के सभी पढ़े लिखे और संपन्न लोगों का साथ हमें मिल गया तो हम इस कुरीति को खत्म कर देश में मिसाल बन जाएंगे! इंशा अल्लाह! शेयर करना ना भूलें!
बहुत बहुत शुक्रिया!
लेखक (अपील कर्ता) – आपका मोबीनगाज़ीकस्तवी
एडवोकेट हाई कोर्ट लखनऊ,
सामाजिक कार्यकर्ता एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ऑल इंडिया गद्दी समाज फेडरेशन!


