गोंडा- गोंडा जनपद के करनैलगंज क्षेत्र में मंगलवार रात अचानक लगी आग ने बड़ा नुकसान कर दिया। तहसील मोड़ के पास खड़ी एक मोटरसाइकिल में आग लगने से पास स्थित किराना दुकान भी उसकी चपेट में आ गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, चौरसिया किराना एवं पूजन भंडार के सामने खड़ी बाइक में अचानक आग लग गई। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में दुकान तक पहुंच गई। आग इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गई, वहीं दुकान के अंदर रखा काफी सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।

प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार, यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था। दुकान का एक बड़ा हिस्सा जल गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि बाइक में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, हालांकि समय रहते आग बुझा लिए जाने से बड़ी दुर्घटना टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *