MD News बहुआयामी समाचार जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख रोहित जैन दभेडी वाले मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना रामराज क्षेत्र में अपहरण के बाद हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर निवासी 50 वर्षीय सुरेश पुत्र बाबू का अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर बेरहमी से हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सुरेश गुरुवार शाम मीरापुर से खरीदारी कर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह कैथोड़ा पुलिस चौकी के पास पहुंचे, तभी एक ब्रेजा कार में सवार तीन लोगों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने बहसूमा क्षेत्र निवासी आर्मी के जवान विक्कल पुत्र रोहताश गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गंगनहर से सुरेश का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों लोगों ने मेरठ–पौड़ी राजमार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद जाम खुल सका। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
