वेद प्रकाश राजपूत, ब्यूरो चीफ अयोध्या एम डी न्यूज़
मवई विकासखंड में मंगलवार को नवागत खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुभाष चंद्र वर्मा ने ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। उनके आगमन पर ब्लॉक परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पंचायत सचिवों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।
गौरतलब है कि पूर्व बीडीओ भावना यादव का पदोन्नति के बाद उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आगरा के पद पर स्थानांतरण हो गया है। उनके स्थान पर सुभाष चंद्र वर्मा को मवई ब्लॉक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद बीडीओ सुभाष चंद्र वर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन कराया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। साथ ही ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सरकार की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।
नवागत बीडीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि ब्लॉक कार्यालय आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा और उसका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचने, अनुशासन बनाए रखने और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।
कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व अपर विकास अधिकारी (पंचायत) अनुपम शर्मा के नेतृत्व में पंचायत सचिवों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारी लालजी चौरासिया, ग्राम पंचायत अधिकारी अतुल दुबे, सौरभ गुप्ता, अभिषेक सिंह, आदेश चौधरी, अर्सलान, गोविंद सिंह, ललिता, पंचायत सचिव कविता वर्मा, राजकीय बीज भंडार प्रभारी उमाशंकर वर्मा, अंजनी यादव, राम सूरत यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed