रिपोर्ट – पुनीत शुक्ला हरदोई MD news

हरदोई के 159 बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। माधोगंज इलाके में कई दिनों से हो रही भारी कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर लोगों में जबरदस्त नाराज़गी देखने को मिल रही है। इसी बीच माधोगंज नगर पंचायत चेयरमैन अनुराग मिश्रा ने अपनी ही सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
चेयरमैन अनुराग मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक तीखी पोस्ट लिखते हुए कहा कि 159 बिलग्राम-मल्लावां और माधोगंज क्षेत्र बिजली विभाग की अपेक्षा का दंश झेल रहा है। सरकारी दावों को बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी ठेंगा दिखा रहे हैं। क्षेत्र को टुकड़ों में सिर्फ 8 से 9 घंटे बिजली मिल रही है, जिससे जनता का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें अपनी ही सरकार में आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने इस स्थिति के लिए जिला प्रशासन और बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है।
चेयरमैन ने क्षेत्र की जनता से भी आंदोलन के लिए तैयार रहने की अपील की है। उनके इस बयान के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष भी बिजली संकट को लेकर सरकार पर हमलावर है, वहीं अब सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि द्वारा ही खुलकर नाराज़गी जताना कई सवाल खड़े कर रहा है।
भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से आम लोगों का जनजीवन प्रभावित है। ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में लोग रात भर जागने को मजबूर हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन और बिजली विभाग इस चेतावनी के बाद क्या कदम उठाते हैं।
