रिपोर्ट – MD news हरदोई पुनीत शुक्ला

यूपी में अपराध और माफियाओं पर लगाम कसने के बड़े-बड़े दावों के बीच आबकारी मंत्री के गृह जनपद हरदोई से सामने आई एक हाईप्रोफाइल बरामदगी ने पूरे सिस्टम की धड़कन बढ़ा दी है। कछौना थाना क्षेत्र के खजोहना गांव में पुलिस ने चार चमचमाती अर्टिगा गाड़ियों को पकड़ा, लेकिन ये कोई वीआईपी काफिला नहीं था। इन लग्जरी गाड़ियों में हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की करीब 4000 बोतलें ठूंस-ठूंसकर भरी हुई थीं। सवाल अब यह उठ रहा है कि आखिर आबकारी मंत्री की अपनी ही सरजमीं पर यह ‘शराब कॉरिडोर’ किसके आशीर्वाद से फर्राटा भर रहा था?

चार लग्जरी अर्टिगा गाड़ियां, हजारों शराब की बोतलें और सिस्टम का यह रहस्यमयी सन्नाटा साफ इशारा कर रहा है कि कहानी सिर्फ शराब की कुछ पेटियों तक सीमित नहीं है। यह उस पुराने नेटवर्क की वापसी की दस्तक है, जो अब नए चेहरों, नई सेटिंग और नई लग्जरी गाड़ियों के साथ फिर मैदान में उतर चुका है। अब जनता की नजरें पुलिस कप्तान और आबकारी विभाग पर टिकी हैं कि इस बार भी सिर्फ ड्राइवर और छोटे मोहरे ही जेल जाएंगे या फिर इस पूरे ‘शराब सिंडिकेट’ के पीछे बैठे असली सफेदपोश आकाओं तक भी कानून के हाथ पहुंच पाएंगे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *