विश्व पर्यावरण दिवस पर फ्यूचर लीडर्स के विधार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
बिल्सी(बदायूँ)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक वानिकी प्रभाग, बदायूँ द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र, उझानी में आयोजित पर्यावरण जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में फ्यूचर लीडर्स स्कूल, बिल्सी के विद्यार्थियों ने अपने पर्यावरण-अनुकूल कार्यशील मॉडलों के माध्यम से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने वैश्विक तापमान वृद्धि, प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने मॉडलों का प्रदर्शन करते हुए बताया कि वैज्ञानिक सोच और जन-जागरूकता के माध्यम से पर्यावरणीय चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव है।
माननीय जिलाधिकारी अविनाश रॉय ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनकी रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं प्रस्तुतीकरण कौशल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति बच्चों की जागरूकता समाज के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, प्रभागीय वनाधिकारी निधि चौहान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुज प्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को जन-आंदोलन बनाने पर बल देते हुए सभी नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के शिक्षक केशव शर्मा एवं सोनिया गुप्ता भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने बच्चों का मार्गदर्शन किया।
विद्यालय के निदेशक वी. पी. सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
फ्यूचर लीडर्स स्कूल के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति ने कार्यक्रम को विशेष रूप से सफल और प्रेरणादायक बना दिया।


