गौरीगंज, अमेठी। बढ़ती महंगाई, अघोषित बिजली कटौती, पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और लगातार हो रही परीक्षा पेपर लीक की घटनाओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय गौरीगंज में जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपा।

प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने किया। ज्ञापन में महंगाई पर नियंत्रण, पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस दौरान सपा नेता सिंधुजीत सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश का युवा लगातार पेपर लीक की घटनाओं से ठगा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं आयोजित कराने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने मजदूरों की समस्याओं, महिलाओं को रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से हो रही परेशानी, किसानों को खाद न मिलने और नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध न होने का मुद्दा भी उठाया।
जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने कहा कि यह आंदोलन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। उन्होंने सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए हाल ही में नीट परीक्षा से जुड़ी एक छात्रा की आत्महत्या का भी उल्लेख किया। यादव ने कहा कि सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेता सिंधुजीत सिंह, महिला जिलाध्यक्ष गुंजन सिंह, जिला प्रवक्ता राजेश मिश्र, पूर्व मंत्री नदीम असरफ जायसी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम राम केवल त्रिपाठी ने संबंधित मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
अमेठी से दिनेश गुप्ता एमडी न्यूज़
