अमेठी के #सांसदकिशोरीलाल_शर्मा ने तिलोई तहसील के फूला गांव में राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा खोलने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। सांसद ने यह पहल कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल द्वारा भेजे गए पत्र का संज्ञान लेते हुए की है।

सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि सिंहपुर ब्लॉक स्थित फूला गांव की आबादी 20 हजार से अधिक है और गांव का क्षेत्रफल भी काफी बड़ा है। इसके बावजूद गांव से 6 से 7 किलोमीटर की दूरी के भीतर किसी राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा उपलब्ध नहीं है। बैंकिंग सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को जमा-निकासी, खाता संचालन और अन्य वित्तीय कार्यों के लिए दूर-दराज क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी अपनी दैनिक बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए लंबी दूरी तय करने को मजबूर हैं। इससे उनका समय और धन दोनों व्यर्थ होता है। साथ ही नकदी लेकर आने-जाने के दौरान छिनैती और सड़क दुर्घटनाओं जैसी घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
सांसद ने वित्त राज्यमंत्री से फूला गांव में शीघ्र राष्ट्रीयकृत बैंक शाखा स्थापित कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे हजारों ग्रामीणों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलेगा और डिजिटल लेनदेन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
सांसद की इस पहल का स्थानीय ग्रामीणों ने स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि बैंक शाखा खुलने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
अमेठी से दिनेश गुप्ता एमडी न्यूज़
