अनुज कुमार प्रयागराज एम डी न्यूज़

प्रयागराज । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 के कारण प्रयागराज मंडल के रेलवे स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस भीड़ को व्यवस्थित ढंग से संभालने के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं लागू की हैं। प्रयागराज जंक्शन सहित सभी प्रमुख स्टेशनों पर अभ्यर्थियों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से ट्रेनों में बैठाने का कार्य किया जा रहा है, जिसमें रेलवे सुरक्षा बल (RPF) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रयागराज जंक्शन पर बढ़ती भीड़ के मद्देनजर आम यात्रियों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया। रेलवे प्रशासन ने आने वाली ट्रेनों के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के बाद सबसे पहले यात्रियों को सुरक्षित उतारा। इसके बाद परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों और अन्य यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से ट्रेनों में चढ़ाया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान आरपीएफ प्रयागराज सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन में लगातार तैनात रही।
बड़ी संख्या में आने वाले अभ्यर्थियों को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने मंडल कार्यालय स्थित वार रूम से लगातार निगरानी शुरू कर दी है। प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, इटावा और मिर्जापुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसरों की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। आरपीएफ जवान अभ्यर्थियों को कतारबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म तक पहुंचा रहे हैं, उन्हें सही ट्रेन की जानकारी दे रहे हैं और भीड़ को नियंत्रित करते हुए व्यवस्थित रूप से ट्रेनों में बैठाने का कार्य कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी स्टेशन पर अव्यवस्था न हो और सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित यात्रा सुविधा मिल सके

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *