
एम डी न्यूज़ चैनल से मोहम्मदी तहसील प्रभारी पंकज कनौजिया की रिपोर्ट
मोहम्मदी, खीरी। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (रजिस्टर्ड) द्वारा सोमवार को नगर पालिका परिषद सभागार, मोहम्मदी में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विमलेश पांडे ने की, जिसमें मोहम्मदी तहसील क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक पत्रकारों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से कई पत्रकारों को सदस्यता दिलाई गई। साथ ही विभिन्न पदों पर नई नियुक्तियां करते हुए नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसी क्रम में पत्रकार प्रेमजीत कुमार को मोहम्मदी तहसील अध्यक्ष तथा चंद्र गुप्ता को मोहम्मदी ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा कई अन्य पत्रकारों को ब्लॉक महामंत्री एवं संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम में तहसीलदार अरुण कुमार, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी जगदेव प्रसाद मौर्य सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जिला अध्यक्ष विमलेश पांडे ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज को सही दिशा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी पत्रकारों से निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का दायित्व है कि वे समाज की समस्याओं, जनहित के मुद्दों और विकास कार्यों को प्रमुखता से जनता तक पहुंचाएं।
बैठक में पत्रकारों के हितों की रक्षा, संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4 बजे हुआ तथा विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों एवं विचार-विमर्श के बाद शाम 6 बजे समापन हुआ।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विमलेश पांडे ने बताया कि राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (रजिस्टर्ड) की टीम देश के आठ राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उत्तर प्रदेश के 70 जिलों में संगठन अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुका है। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहता है।
