पुलिस भर्ती परीक्षा के दोरान डीएम एसपी ने परीक्षा केंद्र का जायजा लिया

हाथरस। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के द्वितीय दिवस की प्रथम पाली की परीक्षा जनपद में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराये जाने के उदेश्य से प्रशासन ने पूरी सर्तकता के साथ जायजा लियाl

जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने डी.आर.बी. इंटर कॉलेज तथा सरस्वती इंटर कॉलेज हाथरस का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम एवं स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों में चल रही परीक्षा गतिविधियों की निगरानी की। इसके उपरांत उन्होंने परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने बताया कि बढ़ती गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, छायादार प्रतीक्षा स्थल (शेड), बैठने की समुचित व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही प्रत्येक केन्द्र पर मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में परीक्षार्थियों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि पहले दिन की भांति दूसरे दिन भी परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित वातावरण में आयोजित की जा रही है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा केंद्रों एवं उनके आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों को सघन जांच एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी पालियों की परीक्षा भी इसी प्रकार पूर्ण पारदर्शिता, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने परीक्षा संचालन में लगे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे

हाथरस से इमरान मलिक की खबर

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *