कस्बा खीरी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक गंभीर घायल; नाबालिग द्वारा बाइक चलाने की चर्चा
रिपोर्टर:- विनीत तिवारी
एम डी न्यूज
खीरी। कस्बा खीरी के लहरपुर रोड स्थित भारत इंटरप्राइजेज के पास बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक महिला को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही खीरी पुलिस चौकी के सिपाही शुभम गंगवार मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल एक बाइक को कस्बे की एक मोटरसाइकिल मैकेनिक दुकान पर काम करने वाला नाबालिग लड़का चला रहा था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
बताया जाता है कि कस्बा खीरी में कई मोटरसाइकिल मरम्मत की दुकानों पर नाबालिग बच्चे काम करते हैं और अक्सर उन्हीं से सामान मंगवाने या बाइक लाने-ले जाने का काम कराया जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

