सुशासन तिहार 2026 जिले में सुशासन तिहार का अंतिम शिविर ललाती में सम्पन्न

शिविर में 22 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण हुए शामिल  अपनी मांग एवं समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखी

जिला पंचायत सीईओ ने ग्रामीणों से संवाद कर ग्रामीणों की सुनी मांग एवं शिकायतें

अधिकारियों को निर्धारित समय अवधि में गुणवत्तापूर्ण निराकरण कर आवेदक को सूचित करने की निर्देश दिए
अम्बिकापुर 10 जून 2026/   राज्य शासन के निर्देशानुसार 1 मई से 10 जून तक आयोजित सुशासन तिहार 2026  जिले का अंतिम जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर आज उदयपुर विकासखंड के ग्राम ललाती में  सम्पन्न हुआ। शिविर में 22 ग्राम  पंचायतों के हजारों ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।  शिविर में आज कुल 723 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 692 मांग संबंधी एवं 31 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। प्राप्त आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित कर दिया गया है। इन सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल ने जनता से सीधा संवाद कर उनकी विभिन्न मांगों एवं शिकायतों समस्याओं को सुनीं और अधिकारियों को उचित परीक्षण कर समय पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार जनता के साथ संवाद करने का सबसे अच्छा मंच है। यहां सभी को अपनी मांग एवं शिकायतों के संबंध में बात करने का अवसर मिलता है। शासन के निर्देशानुसार 1 मई से 10 जून तक जिले में सुशासन तिहार के तहत 24 शिविर आयोजित किए गए तथा विभिन्न मांग एवं शिकायतों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। अधिकांश स्थानीय स्तर पर निराकरण योग्य आवेदन को निराकृत कर दिया गया है तथा शेष आवेदन को भी निराकृत किया जाएगा तथा राज्य स्तरीय मांग को राज्य शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने विभाग के सभी अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों को समय पर गुणवत्तापूर्ण निराकरण कर आवेदक को सूचित करने कहा।

जनपद अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि शासन का लक्ष्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। सुशासन तिहार में अनेक शिविर आयोजित कर स्थानीय स्तर पर अनेक मांग एवं शिकायतों का निराकरण किया गया है इसके लिए उन्होंने प्रशासन को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से जनता के साथ बातचीत करने का अच्छा माध्यम है इससे प्रतिनिधियों को भी जानकारी प्राप्त होता है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों को त्वरित निराकरण करने कहा। शिविर में उपस्थित प्रतिनिधियों ने भी सुशासन तिहार की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीणों से प्राप्त विभिन्न मांग एवं शिकायतों के आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कर निराकरण करें जिससे आम जनता को परेशानी ना हो।

 जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा  लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया उन्होंने  अधिकारियों को  विभाग की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को देकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित करने कहा।

’लाभान्वित हुए हितग्राहीयों को किया सामग्री वितरण’
“सुशासन तिहार-2026” अंतर्गत ग्राम पंचायत  ललाती में आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में  पेंशन स्वीकृत पत्र,जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जॉब कार्ड, पी एम आवास स्वीकृत चाबी, ऋण पुस्तिका, केसीसी,ढेचा बीज वितरण किए गए। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की गोद भराई  एवं अन्नप्राशन की रस्म भी संपन्न कराई गई। सुशासन शिविर में  तोलगा , घूंचापुर , पलका ग्राम पंचायत को टीबी मुक्त पंचायत घोषित होने पर प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

इस अवसर पर  एसडीएम श्री रामराज सिंह, जनपद सीईओ वेद प्रकाश गुप्ता, जनपद सदस्य ,सरपंचगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *