तालाबों का संरक्षण, शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चल रहे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश

बाराबंकी जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के सभी नगर निकायों की कार्यप्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, राजस्व वसूली तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता व्यवस्था के प्रत्येक मानक पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों एवं नालियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला जाए। साथ ही नगर निकाय क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

तालाबों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नगर निकाय अपने क्षेत्र के तालाबों को अतिक्रमण मुक्त रखें तथा उनके सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि तालाबों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं जनोपयोगी बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना के साथ कार्य किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद एवं सभी नगर पंचायतों में प्रतिदिन शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए कहा कि बकाया वसूली में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा सभी निकाय अपने निर्धारित राजस्व लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें।

समीक्षा के दौरान अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना एवं राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति का भी जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी ने केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी अधिशासी अधिकारी वार्ड स्तर तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना सुनिश्चित करें। उन्होंने विकसित भारत संकल्प, जनसंवाद एवं जनकल्याण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी बल दिया।

प्लास्टिक मुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी रोक सुनिश्चित की जाए तथा जनजागरूकता के माध्यम से अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल सहित नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, अभियंता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। रिपोर्टर कृष्णानंद वर्मा

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *