संवाददाता -विशाल गुप्ता
बाराबंकी जनपद के राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी प्रहलाद चौहान ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए विभिन्न सरकारी और निजी कार्यालयों में रैंप और स्ट्रेचर व्हीलचेयर की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

प्रहलाद चौहान, पुत्र राममिलन, बाराबंकी जनपद के निवासी हैं। वे एक राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हैं और वर्तमान में आइकन के रूप में मनोनीत भी हैं। उन्होंने जिले के विकास में सहयोग दिया है और विश्व स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है।

ज्ञापन में बताया गया है कि सीएमओ कार्यालय, एडीएम कार्यालय, ब्लॉक में बीडीओ कार्यालय, सरकारी और निजी बैंकों सहित कई स्थानों पर दिव्यांगों के आवागमन के लिए रैंप और व्हीलचेयर स्ट्रेचर की सुविधा नहीं है। दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए परीक्षण स्थलों पर भी व्हीलचेयर व रैंप उपलब्ध नहीं हैं, जिससे उन्हें खुले में ही परीक्षण कराना पड़ता है।

प्रहलाद चौहान ने जिलाधिकारी से इन स्थानों पर दिव्यांगों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने और स्ट्रेचर व्हीलचेयर जैसी सुविधा उपलब्ध कराने का विनम्र अनुरोध किया है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से भी इस संबंध में गुहार लगाई है।

