अयोध्या। रूदौली सर्किल के पटरंगा थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के मटौली गांव में रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आधा दर्जन से अधिक ट्रॉलियों और स्क्रैपर मशीनों के माध्यम से मिट्टी का खनन कर उसे नेशनल हाईवे स्थित सरदार ढाबा के समीप डंप किया जा रहा है।


स्थानीय सूत्रों का दावा है कि खनन माफिया बेखौफ होकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर कथित रूप से खनन से जुड़ी वीडियो भी तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
मामले को लेकर जब रुदौली एसडीएम से दूरभाष पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच करके सक्त कार्रवाई की जाएगी।


इधर, क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि यदि लगातार अवैध खनन की गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो संबंधित विभागों की भूमिका पर भी प्रश्नचिह्न खड़े होना स्वाभाविक है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो अवैध खनन का यह कारोबार और बढ़ सकता है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन वायरल हो रही शिकायतों और स्थानीय लोगों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगा, या फिर यह मामला भी जांच के दायरे तक ही सीमित रह जाएगा?
फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed