11 हजार वोल्ट की झूलती लाइन बनी मौत का फंदा, बारातियों की बस में उतरा करंट, 7 झुलसे
रिपोर्टर:- विनीत तिवारी
एम डी न्यूज
लखीमपुर-खीरी। शहर के मोहल्ला पट्टी रामदास मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बारातियों से भरी बस 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि सड़क के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन काफी नीचे झूल रही थी, जिसकी वजह से बस में अचानक करंट उतर आया।
करंट फैलते ही बस में सवार बारातियों में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए कई लोग बस से कूद पड़े, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हादसे में 7 लोग झुलस गए, जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक महिला भी गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते हाईटेंशन लाइन लंबे समय से नीचे झूल रही थी, जिसकी शिकायतें भी की गई थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गनीमत रही कि बस में सवार दर्जनों बारातियों की जान बाल-बाल बच गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और झूलती विद्युत लाइनों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

