महाराजा सुहेलदेव विजय दिवस पर गरजे विधायक, बोले- अब तलवार नहीं, कलम की ताकत से आगे बढ़ेगा समाज
रामलीला मैदान में भव्य शोभायात्रा व सभा का आयोजन, बरैचा में बिजली पासी स्मारक पार्क बनाने की घोषणा
बहुआयामी समाचार एम डी न्यूज़ चैनल से मोहम्मदी तहसील प्रभारी पंकज कनौजिया की रिपोर्ट
मोहम्मदी खीरी। मोहम्दी नगर के रामलीला मैदान में महाराजा सुहेलदेव पासी विजय दिवस के अवसर पर भव्य शोभायात्रा एवं विशाल सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पासी समाज के लोगों और क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर महाराजा सुहेलदेव की वीरता और बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहम्मदी विधानसभा क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने की। इस दौरान नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य नन्हेंलाल पासी सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने महाराजा सुहेलदेव पासी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने महाराजा सुहेलदेव की वीरगाथा का वर्णन करते हुए कहा कि वे एक महान वीर योद्धा और पराक्रमी राजा थे, जिनकी वीरता के चर्चे आज भी इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रमणकारी सैय्यद सालार मसूद को युद्ध में पराजित कर मातृभूमि और संस्कृति की रक्षा की थी।
विधायक ने पासी समाज के अन्य वीर योद्धाओं, जिनमें बिजली पासी और सातन पासी सहित कई महापुरुषों का उल्लेख करते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पासी समाज हमेशा वीरता, संघर्ष और स्वाभिमान का प्रतीक रहा है तथा कभी भी चुनौतियों से पीछे हटने वाला समाज नहीं रहा।
अपने संबोधन में विधायक ने समाज के लोगों से शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि आज का युग ज्ञान और कलम की ताकत का है। उन्होंने कहा कि यदि समाज शिक्षित होगा तो वह हर क्षेत्र में आगे बढ़ेगा और अपने अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठा सकेगा।
इस अवसर पर विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने बरैंचा में वीर योद्धा बिजली पासी के नाम पर स्मारक पार्क निर्माण की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही वहां स्मारक का निर्माण कर बिजली पासी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही समाज के अन्य महापुरुषों की स्मृति में भी स्मारक द्वार स्थापित कराने की घोषणा की गई।
घोषणा पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विधायक का स्वागत और आभार व्यक्त किया। वहीं लखन आर्मी संगठन के जिला अध्यक्ष श्याम किशोर पासी ने विधायक को धन्यवाद देते हुए कहा कि समाज के महापुरुषों के सम्मान में किए जा रहे कार्यों को पासी समाज सदैव याद रखेगा।
विधायक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने वीर योद्धाओं और समाज के महापुरुषों को सम्मान देने का कार्य किया है। उन्होंने बहराइच में महाराजा सुहेलदेव की स्मृति, वीरांगना ऊदा देवी के सम्मान तथा हरदोई में बिजली पासी के नाम पर किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज के गौरव और स्वाभिमान को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वक्ताओं ने बताया कि 10 जून को महाराजा सुहेलदेव विजय दिवस इसलिए मनाया जाता है क्योंकि वर्ष 1034 ईस्वी में इसी दिन बहराइच के युद्ध में महाराजा सुहेलदेव ने विदेशी आक्रमणकारी सैय्यद सालार मसूद की सेना को पराजित कर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की थी। कार्यक्रम का समापन समाज के महापुरुषों के आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।

