भूलनपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से हड़कंप
रिपोर्टर:- विनीत तिवारी
एम डी न्यूज
लखीमपुर खीरी नीमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम भूलनपुर में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूलनपुर निवासी गोविंद (25) पुत्र प्यारे लाल मंगलवार को बाइक से घास काटने के लिए घर से निकला था। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भूलनपुर-पड़री संपर्क मार्ग पर स्थित सरकारी नलकूप के पास एक खेत के किनारे गोविंद का शव पड़ा मिला।
घटनास्थल के पास उसकी क्षतिग्रस्त बाइक भी बरामद हुई। वहीं एक चप्पल खेत में कुछ दूरी पर मिलने की जानकारी सामने आई है, जिससे घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
युवक का शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पाकर नीमगांव थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीर गौतम तथा बेहजम चौकी प्रभारी संदीप यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की।
थाना प्रभारी प्रवीर गौतम ने बताया कि मामला संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़ा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र खुलासा किए जाने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को इस संबंध में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी।

103 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *