फतेहपुर में बाढ़ से निपटने की महातैयारी: तीन तहसीलों में हुआ राज्य स्तरीय मॉकड्रिल
MD NEWS बहुआयामी समाचार
रिपोर्ट शाहनूर आलम जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख फतेहपुर
उत्तर प्रदेश सरकार एवं राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वाधान में आज फतेहपुर सहित प्रदेश के 44 संवेदनशील जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन ने बाढ़ की विभीषिका से निपटने के लिए सदर, बिन्दकी और खागा तहसील के 5 विभिन्न स्थलों पर सघन मॉकड्रिल कर अपनी तैयारियों को परखा।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बिन्दकी तहसील के ‘बिन्दकी फार्म’ पहुँचकर विभागवार गतिविधियों की कमान संभाली। दोनों अधिकारियों ने पांडु नदी से हुए कटान स्थलों का निरीक्षण किया और सिंचाई विभाग को तत्काल सुरक्षा परियोजना बनाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि:
गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों, धात्री माताओं, गंभीर मरीजों और पशुओं की सूची तुरंत तैयार की जाए।
बाढ़ प्रभावित गांवों में समय से शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित हो।
स्वच्छ पेयजल के लिए क्लोरीन की उपलब्धता, ओ.आर.एस. (ORS) वितरण और ग्रामीणों को जागरूक करने के ठोस प्रयास किए जाएं।
विभिन्न स्थानों पर चला राहत अभियान
मॉकड्रिल के दौरान सदर के ओमघाट भिटौरा में नाव दुर्घटना व अत्यधिक बाढ़, पल्टू का पुरवा में ग्रामीणों का सुरक्षित रेस्क्यू, बिन्दकी फार्म में भवन गिरने पर राहत कार्य तथा खागा में बाढ़ राहत शिविरों के संचालन का सफल पूर्वाभ्यास किया गया।
हेल्पलाइन नंबर जारी:
जिला आपदा विशेषज्ञ के अनुसार, कलेक्ट्रेट में स्थापित नियंत्रण कक्ष (DEOC) 24×7 सक्रिय है। किसी भी आपदा संबंधी सहायता या शिकायत के लिए नागरिक 05180-298632 और 9454417876 पर संपर्क कर सकते हैं।
इस दौरान उप जिलाधिकारी बिन्दकी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के अफसर मौजूद रहे।

