रिपोर्ट-यूसुफ
रामपुर।
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद रामपुर के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। यह यात्रा केवल सरकार की उपलब्धियों की नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास, सहभागिता और संकल्प की यात्रा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के दर्शन को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि तथा मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। यही कारण है कि पिछले वर्षों में करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने केवल विकास ही नहीं किया, बल्कि दशकों से लंबित राष्ट्रीय संकल्पों को भी पूरा किया है। अनुच्छेद 370 की समाप्ति ने जम्मू-कश्मीर को देश की मुख्यधारा से पूरी तरह जोड़ने का कार्य किया है तथा वहां लोकतंत्र और विकास के नए युग का शुभारंभ हुआ है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण करोड़ों देशवासियों की आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक अस्मिता का सम्मान है। यह नया भारत अपनी विरासत पर गर्व करने वाला भारत है।
मंत्री जी ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक जैसी कुप्रथा से मुक्ति दिलाकर उन्हें सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकार प्रदान किए गए हैं। यह निर्णय महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय में उन्होंने कहा कि आज भारत आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी शक्तियों को मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक तथा हाल ही में सम्पन्न ऑपरेशन सिंदूर ने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया है कि नया भारत अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। देश की सीमाएं पहले से कहीं अधिक सुरक्षित हुई हैं और भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्गों, ग्रामीण सड़कों, रेलवे, वंदे भारत ट्रेनों, मेट्रो नेटवर्क, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेजों, एम्स संस्थानों और डिजिटल कनेक्टिविटी का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। आज गांव से लेकर शहर तक विकास की धारा पहुंची है और भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है धर्मपाल सिंह जी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव को भी नई पहचान दी है। कर्तव्य पथ, नई संसद भवन, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, पंचतीर्थ, जनजातीय गौरव दिवस, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक तथा ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियानों ने देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना को सशक्त किया है।
उन्होंने कहा कि भारत आज ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना के साथ विश्व मंच पर नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, रिकॉर्ड विदेशी निवेश, योग की वैश्विक स्वीकार्यता और विश्व के अनेक देशों के साथ मजबूत संबंध भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा के प्रमाण हैं।
अंत में मंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों ने विकसित भारत की मजबूत नींव रखी है। सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव के संकल्पों के साथ भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि देश की जनता का आशीर्वाद और विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार,राजा वर्मा,ख्याली राम लोधी राजबाला जी हरि सिंह ढिल्लों घनश्याम सिंह लोधी सूर्य प्रकाश पाल सुनीता सिंह सैनी,जिलाधिकारी रामपुर,जिला पुलिस अधीक्षक रामपुर अभय गुप्ता मोहन कुमार लोधी हंस राज पप्पू रविंद्र सिंह रवि अर्जुन रस्तोगी जिला मीडिया प्रभारी आकाश सक्सैना आदि समेत वरिष्ठ पदाधिकारी अधिकारीगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
