दरियाबाद (बाराबंकी)। 270 विधानसभा दरियाबाद के चर्चित समाजसेवी एवं जनप्रिय नेता आशीष सिंह सिसोदिया के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल होने से क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल पैदा हो गई है। उनके इस निर्णय के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों में खलबली मच गई है और राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
आशीष सिंह सिसोदिया लंबे समय से क्षेत्र की जनता के बीच सक्रिय रहकर सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के कार्यों में योगदान देते रहे हैं। क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनने के साथ-साथ धार्मिक आयोजनों एवं सामाजिक कार्यक्रमों में उनका महत्वपूर्ण सहयोग रहा है, जिसके चलते उन्होंने जनता के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सिसोदिया के बसपा में शामिल होने से पार्टी को क्षेत्र में मजबूती मिलेगी तथा आगामी चुनावों में इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है। वहीं उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों ने उनके इस फैसले का स्वागत किया है।
क्षेत्र में अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आशीष सिंह सिसोदिया की नई राजनीतिक पारी दरियाबाद विधानसभा की राजनीति को किस दिशा में ले जाती है।

