धर्मेन्द्र कसौधन/ब्यूरो
निचलौन (महराजगंज):आगामी त्योहार मोहर्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज थाना निचलौन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस द्वारा व्यापक फ्लैग मार्च किया गया।

यह फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन के कुशल नेतृत्व एवं क्षेत्राधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह निचलौल के दिशा-निर्देशन में निकाला गया। मार्च के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे, जिन्होंने कस्बे के मुख्य मार्गों, संवेदनशील चौराहों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया।

सुरक्षा का भरोसा और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना और क्षेत्र में शांति व सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना है। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और संभ्रांत व्यक्तियों से सीधा संवाद भी स्थापित किया। अधिकारियों ने सभी से त्योहार को पारंपरिक भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। इसके साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लेते हुए असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया गया कि कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

अफवाहों से बचने की अपील
थाना निचलौन पुलिस ने आम जनता और युवाओं से विशेष रूप से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या शांति भंग करने का प्रयास दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी ताकि नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।

