28 जुलाई को विधानसभा घेराव और अगस्त माह में राशन वितरण से विरत रहने की चेतावनी।
रामनगर, 29 जून। उत्तर प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर रविवार को उपजिलाधिकारी रामनगर को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कोटेदारों ने अपनी समस्याओं का शीघ्र समाधान किए जाने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि उचित दर विक्रेता लंबे समय से कम कमीशन और विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं के बीच सार्वजनिक वितरण प्रणाली का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने कमीशन में वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा, नई ई-पॉस मशीनें उपलब्ध कराने तथा राशन वितरण से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के स्थायी समाधान सहित अन्य मांगें रखीं।

कोटेदारों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 28 जुलाई 2026 को लखनऊ में विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर अगस्त माह के राशन वितरण कार्य से विरत रहकर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
इस दौरान संगठन के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के अनेक उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे और उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द मांगों पर विचार कर समाधान करने की अपील की।

तेज बहादुर शर्मा
मंडल ब्यूरो चीफ अयोध्या।
