पद्मश्री सम्मान के बाद पहली बार बहन के घर पहुंचे प्रो. डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, तिलक-माल्यार्पण से हुआ भव्य स्वागत
रिपोर्टर अनमोल श्रीवास्तव डुमरियागंज
डुमरियागंज सिद्धार्थनगर। राष्ट्रपति के हाथों पद्मश्री सम्मान प्राप्त करने के बाद गुरुवार को प्रख्यात चिकित्सक प्रोफेसर डॉ. राजेन्द्र प्रसाद पहली बार डुमरियागंज स्थित अपनी बहन गीता देवी के आवास पहुंचे। वार्ड महाराजा अग्रसेन नगर में उनके आगमन पर बहन ने तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर और उनका स्वागत करते हुए अपनी खुशी व्यक्त की।
किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर डा. राजेंद्र प्रसाद को श्वसन रोग, टीबी नियंत्रण और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में कई दशक तक किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए इसी वर्ष पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया हैं।
प्रो. डॉ. राजेन्द्र प्रसाद का जन्म 17 फरवरी 1950 को बस्ती जनपद के मुंडेरवा में हुआ था। दो भाइयों और एक बहन में वह दूसरे नंबर पर हैं। चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें देश-विदेश के अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उन्हें पद्मश्री के अलावा वीसी रॉय राष्ट्रीय पुरस्कार सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
गौरतलब है कि 25 जनवरी को भारत सरकार ने उन्हें देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्मश्री के लिए चयनित किया था। इसके बाद 2 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सम्मानित किया और 25 मई को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति के हाथों उन्हें पद्मश्री अलंकरण प्रदान किया गया।
प्रो. डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की छोटी बहन गीता देवी का विवाह डुमरियागंज कस्बे के वार्ड संख्या 10 महाराजा अग्रसेन नगर निवासी प्रतिष्ठित अधिवक्ता शक्ति प्रकाश अग्रहरि के साथ हुआ है। पद्मश्री सम्मान मिलने के बाद भाई के पहली बार घर पहुंचने पर परिवार में उत्सव जैसा माहौल रहा।
हमारे प्रतिनिधि से विशेष बातचीत में प्रो. डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने बताया कि मेहनत और ईमानदारी का यह संस्कार उन्हें अपने पिता से विरासत में मिला, जिसने जीवन के हर पड़ाव पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस दौरान मीरा, अजय अग्रहरि, राजीव कुमार, अभिषेक, मनीषा, सोनम, अन्नपूर्णा आदि मौजूद रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed