पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष आसिफ रईस कर नेतृत्व मे की शिष्टाचार भेंट, बाजार व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात को लेकर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
रिपोर्ट-आसिफ रईस
स्योहारा/बिजनौर। नवागत थाना प्रभारी संजय कुमार तोमर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष आसिफ रईस के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर नगर के व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए जाने की मांग रखी।थाना प्रभारी संजय कुमार तोमर ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकता में रहेगा।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यापारी को किसी भी प्रकार की परेशानी, अवैध वसूली, विवाद, चोरी, संदिग्ध गतिविधि या अन्य कोई समस्या सामने आती है तो वह बिना किसी संकोच के सीधे उनसे संपर्क करें। प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी और व्यापारियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने व्यापारियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी व्यापारी अपनी दुकानों को निर्धारित समय पर बंद करें।

उन्होंने अनावश्यक रूप से देर रात तक बाजार में भीड़ लगाने अथवा सड़कों पर घूमने से बचने की सलाह दी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।उन्होंने विशेष रूप से ई-रिक्शा चालकों से अपील की कि बाजारों में अत्यधिक भीड़भाड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए व्यस्त बाजार क्षेत्रों में नियमों का पालन करें तथा प्रतिबंधित क्षेत्रों में ई-रिक्शा लेकर प्रवेश न करें। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु रहेगी और व्यापारियों व ग्राहकों दोनों को सुविधा मिलेगी।व्यापार मंडल के अध्यक्ष आसिफ रईस ने थाना प्रभारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से नगर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने व्यापारियों से भी कानून का पालन करने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।इस अवसर पर जीशान मलिक, डॉ. इश्तियाक अली, अनवर हाशमी, दानिश, रिफाकत ज़ैदी, मोहम्मद दिलशाद, आसिफ मंसूरी, फैजान खान और कुर्बान अली सहित व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।

