
फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री व हिमालय ने दीप प्रज्वलित कर किया ‘पंचामृत उत्सव-2026’ का समापन
काशी विश्वनाथ मंदिर में 201 दंपतियों ने किया रुद्राभिषेक, हजारों परिवार बने उत्सव के साक्षी
वाराणसी, जय श्री कृष्णा फाउंडेशन (JSK) के 16वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय ‘पंचामृत उत्सव-2026’ का भव्य समापन रविवार शाम बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में हुआ। समापन समारोह का शुभारंभ प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री एवं उनके पति हिमालय ने दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह में वाराणसी के लगभग एक हजार परिवारों की उपस्थिति रही। सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस आयोजन में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर जय श्री कृष्णा फाउंडेशन के संस्थापक संजीव अग्रवाल, राजीव गुप्ता (एजीआर) सहित संस्था के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मंच पर उपस्थित रहे।
इससे पूर्व उत्सव के तीसरे दिन रविवार सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में 201 दंपतियों द्वारा विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
तीन दिवसीय ‘पंचामृत उत्सव-2026’ के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, सेवा कार्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। समापन समारोह के साथ ही फाउंडेशन के 16वें स्थापना दिवस का यह आयोजन श्रद्धा, सेवा और सांस्कृतिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।
