घरेलू बिजली उपभोक्ताओं पर बढ़े विद्युत भार के खिलाफ भाकियू रक्षक का ऐलान, नहीं माना विभाग तो होगी महापंचायत,

MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख: रोहित जैन (दभेड़ी वाले), बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर

नागल। भाकियू रक्षक के कैंप कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह ने घरेलू उपभोक्ताओं पर बढ़ाए गए विद्युत भार का कड़ा विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 3 जुलाई से सरकार के निर्देश पर बिजली विभाग घरेलू उपभोक्ताओं के विद्युत भार में वृद्धि कर आर्थिक बोझ बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले 1 किलोवाट, फिर 2 किलोवाट और अब उपभोक्ताओं की बिजली खपत के आधार पर भार 3 किलोवाट तक बढ़ाया जा रहा है, जिससे बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी होना तय है।

उन्होंने मांग की कि विभाग इस निर्णय को तत्काल वापस ले, ताकि आम उपभोक्ता समय पर अपना बिजली बिल जमा कर सकें। चौधरी वीरेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि फैसला वापस नहीं लिया गया तो भाकियू रक्षक बिजली विभाग के खिलाफ बड़ी महापंचायत आयोजित कर आंदोलन शुरू करेगा।

उन्होंने बिजली विभाग की विजिलेंस टीम पर भी उपभोक्ताओं का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि गन्ना किसानों का भुगतान अभी भी बजाज शुगर मिल पर बकाया है, ऐसे में किसानों पर बिजली बकाया को लेकर कार्रवाई करना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि जब तक किसानों का बकाया भुगतान नहीं हो जाता, तब तक विजिलेंस टीम की छापेमारी और कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं किया तो प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed