निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान महिला की मौत, डॉक्टर दंपत्ति पर लापरवाही का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
एमडी न्यूज़ बहुआयामी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल
लोकेशन रामपुर
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट

रामपुर। जनपद के थाना गंज क्षेत्र में स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतका के पति ने डॉक्टर दंपत्ति पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाना गंज में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बाजोडी टोला निवासी मोहम्मद तकिया मुबारक शाह खाँ ने बताया कि सोमवार शाम उनकी पत्नी सोनी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद वह उन्हें तत्काल डिग्री कॉलेज रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए लेकर पहुंचे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वहां मौजूद डॉक्टर अजीम नकवी और डॉक्टर हिना नकवी ने जल्दबाजी में कई इंजेक्शन लगाए, जिससे उनकी पत्नी की हालत और अधिक गंभीर हो गई। आरोप है कि उपचार के दौरान ही महिला ने नर्सिंग होम में दम तोड़ दिया।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि महिला की मौत के बाद डॉक्टर दंपत्ति नर्सिंग होम बंद कर वहां से चले गए। इसके बाद परिजन महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के शव को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जिला अस्पताल में रखा गया।
पीड़ित पति ने पुलिस से दोनों डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed