बाराबंकी में स्कूल जा रहे छात्र को ट्रक ने कुचला: 14 वर्षीय हर्षवर्धन तिवारी की मौके पर मौत, चालक फरार

जिला संवाददाता -विशाल गुप्ता

बाराबंकी में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई। नगर कोतवाली क्षेत्र के माल गोदाम रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक छात्र की पहचान ओम नगर बंकी निवासी 14 वर्षीय हर्षवर्धन तिवारी के रूप में हुई है। वह किंग जॉर्ज इंटर कॉलेज में कक्षा सात का छात्र था।

हर्षवर्धन अपने साथी चंदन कुशवाहा के साथ साइकिल से स्कूल जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और चंदन कुशवाहा के अनुसार, माल गोदाम रोड पर पीछे से आए ट्रक (नंबर UP78CT6388) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हर्षवर्धन कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हर्षवर्धन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर से परिजनों में गहरा सदमा है। किंग जॉर्ज इंटर कॉलेज प्रशासन ने छात्र के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए मंगलवार के लिए आकस्मिक अवकाश घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *