गोरखपुर कैम्पियरगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 14 रामनगर में सोनौली हाईवे से मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गुरुवार को सड़क से जुड़े ढा़ला (रैंप) का निर्माण कार्य पीएनसी विभाग द्वारा कराया जा रहा था, जिसे ग्रामीणों के अनुसार जेपी इंटर कॉलेज कैम्पियरगंज के प्रबंधक के विरोध के बाद रोक दिया गया। निर्माण कार्य रुकने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग राजस्व अभिलेख में सड़क मार्ग संख्या-71 के रूप में दर्ज है तथा वर्षों से खड़ंजा मार्ग के रूप में उपयोग में है। इसी मार्ग से वार्ड संख्या 14 के लोग सोनौली-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचते हैं। खड़ंजा जर्जर होने के कारण इसे सीसी सड़क में परिवर्तित करने की मांग लंबे समय से की जा रही है।

वार्ड के सभासद राम रतन यादव ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। उनका आरोप है कि जनहित से जुड़े इस निर्माण कार्य में लगातार बाधा उत्पन्न की जा रही है।

निर्माण कार्य रुकने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील कैम्पियरगंज पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने उपजिलाधिकारी रंजन सिंह को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क एवं ढा़ला निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वार्ड के सभी लोग तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन में यमुनतरा, अनीता, रामरती, सोनमती, राम प्रसाद चौरसिया, नरेंद्र कुमार पांडेय, बृजेश यादव, देवेंद्र चौरसिया, रामराज पासवान, दीनानाथ चौरसिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *