कैंम्पियरगंज:- पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से युवा कल्याण विभाग एवं प्रादेशिक विकास दल के संयुक्त तत्वावधान में विकास खंड कैंम्पियरगंज में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में पीआरडी स्वयंसेवक, युवक मंगल दल, महिला मंगल दल, शिक्षक, विद्यार्थी एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।

क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी रूबी तिवारी ने जुगुल किशोर कालिंदी देवी पब्लिक स्कूल, राजपुर मोदीगंज तथा न्यू पैराडाइज पब्लिक स्कूल, लक्ष्मीपुर प्रथम में आम, गुलमोहर, अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पौधों के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि मानव जीवन के लिए स्वच्छ वायु, जल संरक्षण और जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विद्यालय के प्रबंधक मनोहर अग्रहरी, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महाअभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने-अपने घरों, विद्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने का आह्वान किया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प दिलाया।

रूबी तिवारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आजीवन जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक हर वर्ष एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है। उन्होंने युवाओं से इस अभियान को जनभागीदारी का आंदोलन बनाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान युवक मंगल दल एवं महिला मंगल दल के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। पीआरडी स्वयंसेवक ब्रह्मदेव सिंह ने भी पौधारोपण में सक्रिय सहयोग किया। इस अवसर पर युवा कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय परिवार, ग्रामवासी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने हरित वातावरण के निर्माण, पौधों के संरक्षण एवं सतत विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *