लूट को चोरी में बदलना पड़ा भारी, बिंदकी इंस्पेक्टर व खजुहा चौकी प्रभारी निलंबित
चौकीदार के हाथ-पैर बांधकर शराब ठेके पर हुई वारदात, जांच में खुली पुलिस की लापरवाही
फतेहपुर। शराब ठेके पर चौकीदार के हाथ-पैर बांधकर लाखों रुपये की शराब लूटने की घटना को हल्की धाराओं में दर्ज करना बिंदकी पुलिस को भारी पड़ गया। मामले की जांच में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आने पर पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) प्रयागराज परिक्षेत्र ने बिंदकी थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश मिश्रा और खजुहा चौकी प्रभारी अनुज कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
खबर जानकारी के बाद आईजी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने पूरे मामले की जांच की। जांच में पता चला कि थाना बिंदकी क्षेत्र के ग्राम अरसेपुर नरैचा स्थित देशी शराब व बीयर के ठेके पर 8 जुलाई की रात करीब दो से तीन बजे के बीच तीन अज्ञात बदमाशों ने चौकीदार विजय पाल के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद ठेके का ताला तोड़ने का प्रयास किया गया। ताला न टूटने पर बदमाश दीवार तोड़कर शराब और बीयर की पेटियां लेकर फरार हो गए।
घटना के दौरान मौके पर पहुंची पीआरवी-6920 टीम ने चौकीदार को बंधी अवस्था में देखा। चौकीदार ने पुलिस को बताया कि अज्ञात बदमाशों ने उसके हाथ-पैर बांधकर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इसके बावजूद थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष से केवल नकबजनी संबंधी तहरीर लेकर मुकदमा धारा 305 व 331(4) बीएनएस में दर्ज कर लिया।
जांच में स्पष्ट हुआ कि घटना लूट की थी, लेकिन उसका स्वरूप बदलते हुए हल्की धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया। इसे गंभीर कर्तव्यहीनता मानते हुए आईजी प्रयागराज परिक्षेत्र ने दोनों पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *