बलीपुर (हंडिया), प्रयागराज । बलीपुर चौराहा, बलीपुर तिराहा एवं यासीनपुर रोड पर लंबे समय से जलभराव, कीचड़ तथा जल निगम के अधूरे निर्माण कार्य के कारण आम जनता का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, जलभराव और कीचड़ के कारण प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं, महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों एवं राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे सुरक्षित आवागमन तक मुश्किल हो जाता है क्षेत्रवासियों ने बताया कि जल निगम द्वारा बलीपुर तिराहे पर पाइपलाइन लिकेज बनाने के लिए सड़क खोदी गई थी, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सड़क को मानकों के अनुरूप पुनर्स्थापित नहीं किया गया।

परिणामस्वरूप सड़क धंस गई है, बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और उनमें बारिश का पानी भर जाने से हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो चुके हैं, फिर भी संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है वहीं यासीनपुर रोड स्थित पुलिया के नीचे जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण भारी जलभराव बना रहता है। इससे सड़क लगातार क्षतिग्रस्त हो रही है तथा आसपास के लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है इस गंभीर जनसमस्या को लेकर पूर्व प्रधान पारस नाथ यादव (साड़ा बरौना), क्षेत्र पंचायत सदस्य अमर बहादुर पटेल (बलीपुर) तथा पंच “ज” चैरिटेबल फाउंडेशन के निदेशक डॉ. सुभाष चन्द्र पासी ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग एवं जल निगम के अधिकारियों से संयुक्त निरीक्षण कर तत्काल सड़क की मरम्मत, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था तथा अधूरे निर्माण कार्य को पूर्ण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख नागरिक डॉ.विनोद भारतीय, राजेन्द्र प्रसाद,राम सिंह, श्यामाचरण,पप्पू, रंजीत सिंह कुशवाहा, भुवाले सिंह पटेल, पप्पू पटेल,राधेश्याम भारतीय, मंत्री मोबाइल, मंजीत लाल, तिवारी पटेल, गोलू यादव, बंगाली यादव, विपिन कुमार गौड़, दिलीप कुमार पटेल,गुलाबचंद कनौजिया, अनिल भारतीय, डॉ.विमलेश विश्वकर्मा, बब्बू सोनी, राजेश कुशवाहा, शिवचंद्र भारतीय, मुखिया बीज भंडार, डॉ.रणविजय यादव, भोला गुप्ता तथा राजेन्द्र यादव, राजकुमार जायसवाल,बादल सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग एवं जल निगम से बलीपुर चौराहा, बलीपुर तिराहा एवं यासीनपुर रोड की समस्याओं का तत्काल स्थायी समाधान कराने की मांग की जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में व्यापक एवं लोकतांत्रिक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी
रिपोर्ट अनुज कुमार
